भास्कर अपडेट्स:हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप आया, तीव्रता 3.3 और 4 दर्ज
9 hours ago

हिमाचल प्रदेश के चंबा में बुधवार सुबह एक घंटे के भीतर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहली बार सुबह 3:27 बजे 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। जमीन से भूकंप की गहराई 20 किलोमीटर थी। दूसरा झटका सुबह 4:39 बजे महसूस हुआ। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4 दर्ज की गई। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आज की अन्य बड़ी खबरें... जम्मू के अखनूर सेक्टर के एक गांव से 5 जंग लगे ग्रेनेड बरामद जम्मू में अखनूर सेक्टर के एक गांव में मंगलवार को पांच जंग लगे ग्रेनेड बरामद हुए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सेना के एक संयुक्त दल ने मंगलवार शाम चौकी चौरा के डोरी दागेर इलाके में एक सुनसान जगह से ये ग्रेनेड बरामद किए। एक विशेष सूचना के आधार पर यह बरामदगी की गई और विस्फोटकों को निष्क्रिय करने के लिए इलाके में अभियान चलाया जा रहा है। कोलकाता में मॉडल से गैंगरेप, सोशल मीडिया फ्रेंड्स पर फिल्मों में रोल देने का झांसा देकर दरिंदगी करने का आरोप कोलकाता में एक मॉडल ने सोशल मीडिया पर मिले दो लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। मॉडल ने सोमवार रात पुलिस में FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी दी। मॉडल ने FIR में बताया कि फिल्मों में रोल देने का झांसा देकर दोनों आरोपियों ने उसका कई बार यौन शोषण किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना कस्बा थाना क्षेत्र में हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों ने 2023 में सोशल मीडिया पर महिला से दोस्ती की थी। उन्होंने खुद को फिल्म प्रोड्यूसर बताया और कहा कि उनके बॉलीवुड और कोलकाता फिल्म इंडस्ट्री में संबंध हैं। उन्होंने मॉडल को फिल्मों में रोल दिलाने और इंडस्ट्री के लोगों से मिलवाने का लालच दिया, जो कभी पूरा नहीं हुआ। दोनों मॉडल को कस्बा में कई जगहों पर ले गए, जहां उसके साथ कई बार रेप किया। कस्बा यह वही इलाका है जहां जून में एक लॉ कॉलेज में 24 साल की फर्स्ट ईयर की छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया था। उस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
Click here to
Read more