हरियाणा विधानसभा सत्र- तीसरा दिन:सुरजेवाला के प्रस्ताव पर हुड्डा ने आपत्ति जताई, कहा- काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा करो
16 hours ago

हरियाणा विधानसभा में मानसून सत्र के तीसरे दिन प्रश्नकाल और शून्यकाल की समाप्ति के बाद कार्यवाही जारी है। इसमें कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने धान की फसल में बीमारी लगने का ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा। इस पर सुनवाई शुरू होते ही पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आपत्ति जताई। उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर को लेकर लगाए काम रोको प्रस्ताव की चर्चा करने के लिए कहा, लेकिन स्पीकर ने कहा है कि उस पर सुनवाई विधायी कार्यों के बाद होगी। इसे लेकर काफी बहस हुई। प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने सवाल उठाए तो मंत्री विपुल गोयल ने उन्हें कहा कि अभी नए-नए विधायक बने हो। वहीं, शून्यकाल की शुरुआत में पूर्व सीएम बंसीलाल को याद किया गया। इस दौरान गोरखपुर में बन रहे परमाणु संयत्र का नाम बंसीलाल के नाम पर रखने की मांग की गई। शून्यकाल में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में CM आवास को जाने वाली सड़क पर 500 गड्ढ़े हैं। वहीं भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने लड़के-लड़कियों की शादी को लेकर सरकार से कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शादी करने के लिए दोनों के माता-पिता की अनुमति जरूरी होनी चाहिए। उधर, आज सदन में भिवानी की लेडी टीचर मनीषा और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। 22 अगस्त में कांग्रेस ने जमकर हंगामा किया था। तब स्पीकर को 6 बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी थी। तीसरे दिन की कार्यवाही के बड़े अपडेट्स पढ़िए... अशोक अरोड़ा बोले- CM आवास के रास्ते में 500 गड्ढे
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने शून्यकाल में खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "मुझे बड़ा दुख है कि हमारा जिले का CM सिटी होने के बाद भी ये हाल है। मुख्यमंत्री आवास तक जो रास्ता जाता है, उन सड़कों में करीब 500 गड्ढे हैं। अब जो सड़कें बनी हैं, वह भी टूट गई हैं। इसकी जांच होनी चाहिए।" अरोड़ा ने कहा कि गांधी नगर एरिया में एक बस्ती है, यहां पर 2500 से अधिक मकान हैं, इन्हें मालिकाना हक दिया जाए। सरकार ने जो कौशल रोजगार में जॉब गारंटी की घोषणा की है, उनमें यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों को भी राहत दी जाए। गौतम बोले- शादी का कानून लाए सरकार
सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने समय कम होने पर स्पीकर पर तंज किया। उन्होंने कहा कि जब सदस्यों में लड़ाई होती है तो आप पूरा आनंद लेते हो। इस पर स्पीकर ने आपत्ति जताई। कल्याण ने कहा कि आप चेयर को ऐसा नहीं कह सकते हैं। मैं अपना काम कर रहा हूं। आपको जो भी कहना है कि वह आप लिखित में दीजिए। गौतम ने यह भी कहा कि आजकल हर घर में एक बड़ी समस्या है कि लड़के-लड़कियां घर से भागकर शादी कर लेते हैं। सरकार को ऐसा कानून बनाना चाहिए जिससे शादी करने के लिए दोनों को अपने माता-पिता की अनुमति लेनी जरूरी हो। पेटवाड़ से मंत्री गोयल बोले- नए-नए विधायक बने हो
प्रश्नकाल में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने राशन कार्ड काटे जाने का मुद्दा उठाया। इस कारण सदन में हंगामा होने लगा। पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा सर्वे के आधार पर नाम काटे गए। नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पोर्टल पर सवाल खड़े करते हुए किसानों के मुआवजे के बारे में पूछा। इस पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा, 'सब काम प्रोसेस से ही होता है। अभी नए-नए विधायक बने हो।' कार्यवाही के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए...
Click here to
Read more