'पत्नी की मौत 14 साल पहले हुई..वोटर लिस्ट में जिंदा':जिनके श्राद्ध में केंद्रीय मंत्री पहुंचे वो भी लिस्ट में; कैसे जुड़े 18 मरे लोगों के नाम
3 days ago

'मेरे पति प्रेम का निधन 27 जुलाई 2024 में हो गया था। मैंने मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया था। मृत्यु प्रमाण पत्र को बैंक और डाकघर समेत कई ऑफिस में जमा भी किए थे, लेकिन मेरे पति का नाम वोटर लिस्ट में आ गया। सुना था कि हर घर में BLO आएंगे, पर मेरे यहां कोई नहीं आया। मैं घर पर ही रहती हूं। किसने ये गलती की है, ये मुझे पता नहीं। ऐसा नहीं होना चाहिए था। नई मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें मेरे पति का नाम आया है। यह देख हम भी अचंभित हैं।' ये बातें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की करीबी रिश्तेदार किरण देवी ने कही। केंद्रीय मंत्री के फुफेरे भतीजे थे प्रेम, जिनके श्राद्ध में खुद गिरिराज सिंह पहुंचे थे। बेगूसराय में मृतक का नाम वोटर लिस्ट शामिल करने का यह पहला मामला नहीं है, बल्कि 18 मृतकों के नाम जोड़े गए हैं। इसके अलावा 2 नाम ऐसे हैं, जो गांव में नहीं है। हकीकत जानने के लिए भास्कर की टीम बेगूसराय के साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या- 107 उच्च विद्यालय सदानंदपुर दक्षिण भाग पहुंची। यहां मृतक के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने बताया, 'यहां BLO आए ही नहीं।' पढ़िए पूरी रिपोर्ट... मेरी पत्नी की मौत 14 साल पहले हुई है मृतक मंजू देवी के पति अनिरुद्ध साह ने बताया, 'मैं घर पर ही रहता हूं। मेरे घर BLO कोई दस्तावेज लेने नहीं आएं। पता नहीं मेरी पत्नी मंजू देवी का नाम वोटर लिस्ट में कैसे आ गया। मेरी पत्नी की 14 साल पहले ही बीमारी के कारण मौत हो गई है। लिस्ट सामने आया तो अपनी पत्नी का नाम देख रहा हूं। इस पर हम क्या कह सकते हैं।' हमसे नहीं भरवाया गया कोई फॉर्म मृतक बेंगट तांती की बहू अनीता देवी कहती हैं, 'मेरे ससुर की 8 साल पहले मृत्यु हो गई है। 5 साल पहले सास जगतारण देवी की भी मौत हो गई है। इसके बावजूद सास-ससुर दोनों के नाम वोटर लिस्ट में है। उनका नाम कैसे आया है, यह जिम्मेदार लोग ही बताएंगे।' मेरे घर पर कोई BLO नहीं आया था। हमलोगों से किसी प्रकार का फॉर्म भी नहीं भराया गया है।' BLO ने अपनी मर्जी से भरा फॉर्म मृतक शांति देवी और मृतक अजय कुमार के परिजन सुधीर सिंह ने बताया, 'मेरी मां की मृत्यु साल 2012 और भाई की 2018 में मौत हो गई थी। फिर भी वोटर लिस्ट में नाम आ गया है। BLO ने अपनी मनमर्जी से फॉर्म भरा है, जिससे इस तरह की गलतियां हुई है। वे तो मेरे घर पर आए ही नहीं थे और न ही किसी प्रकार की जानकारी ली।' मां-पिताजी की मौत हो गई, फिर भी लिस्ट में नाम है मृतक कृष्णा देवी और मृतक चक्रधर प्रसाद सिंह के परिजन संजय कुमार ने बताया, 'मेरी मां और पिताजी की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद मतदाता सूची में दोनों का नाम है। SIR के दौरान मेरे घर पर कोई BLO नहीं आए थे और न किसी प्रकार के कागजात लिए थे। पता नहीं ये कैसे हो गया।' नाम हटवाने-जुड़वाने के लिए चक्कर लगाना पड़ेगा मंत्री गिरिराज सिंह के भतीजे रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया, 'SIR एक बहुत महत्वपूर्ण काम था। हम इंतजार कर रहे थे कि मेरे घर कोई BLO आएंगे, हमसे फॉर्म भरवाएंगे। लेकिन एक महीने के दौरान किसी अधिकारी-कर्मचारियों ने हम लोगों से कोई संपर्क नहीं किया। जब प्रारूप छप कर आया तो उसमें काफी गलतियां है।' 'हम लोग तो यही कह सकते हैं कि एक अच्छे काम को स्थानीय कर्मचारियों ने बर्बाद कर दिया। अब काफी परेशानी होगी, नाम हटवाने-जुड़वाने के लिए चक्कर लगाना पड़ेगा, पता नहीं क्या होगा।' 'केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह मेरे करीबी रिश्तेदार हैं, उनका अधिकतर समय यहीं गुजरा। उनके रिश्ते के भतीजे प्रेम कुमार की 1 साल पहले मौत हो गई, जिनके श्राद्ध कर्म में गिरिराज सिंह भी आए थे। वैसे लोगों का भी नाम मतदाता सूची में शामिल कर दिया गया है।' 'ऑनलाइन बीएलओ का नाम देखा, वो मेरा ग्रामीण है, लेकिन वो कभी नहीं आया। कई बार कॉल किया तो कभी फोन स्विच ऑफ था या कोई परिवार के दूसरे सदस्य ने फोन रिसीव किया।' वोटर लिस्ट में सदानंदपुर में 784 मतदाताओं के नाम निर्वाचन आयोग का मानना है कि BLO ने घर-घर जाकर फॉर्म भरवाया है। उसके बाद डेटा को अपलोड किया गया। उसी आधार पर लिस्ट तैयार की गई है, लेकिन बेगूसराय के सदानंदपुर में ऐसा नहीं दिख रहा है। वोटर लिस्ट में 784 मतदाताओं के नाम हैं। इस क्षेत्र का BLO सनत कुमार हैं, जो सदानंदपुर गांव के ही रहने वाले हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सनत ने अपने घर पर बैठे-बैठे ही वोटर लिस्ट को अपडेट कर दिया है। वे किसी के घर पर नहीं आए हैं। BLO घर पर नहीं है, बात नहीं हो सकती दैनिक भास्कर रिपोर्ट ने BLO सनत कुमार से संपर्क करने की कोशिश की। उनका फोन रिसीव करने वाले ने पहले परिचय पूछा, फिर कहा- सनत की तबीयत खराब है। उनसे बात नहीं हो सकती है। एक-दो घंटे के बाद फोन कीजिए। 2 घंटे बाद भी बात करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हुई। जिला प्रशासन ने दिए जांच के आदेश मामले को लेकर जिला प्रशासन ने एक नोटिस जारी किया है। जिसमें लिखा है 1 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। साहेबपुर कमाल विधान सभा क्षेत्र में कुछ मतदान केंद्रों पर मृतकों का नाम मतदाता सूची में शामिल है। संबंधित मतदान केंद्र जिन पर मृतक मतदाताओं के नाम है, उन मतदाताओं का नाम प्रारूप-7 में भर कर जांच की कार्रवाई की जा रही है। जांच प्रतिवेदन मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ---------------------- इसे भी पढ़िए... जहानाबाद की मुस्लिम बस्ती में 200 नाम कटे:नए वोटर लिस्ट पर लोगों का विरोध, बोले-एक ही कागज पर कुछ नाम जुड़े, कुछ के कट गए वोटर लिस्ट के नए ड्राफ्ट को लेकर बिहार में राजनीति तेज है। विपक्ष जहां लिस्ट पर लगातार सवाल उठा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष आयोग के साथ खड़ा है। इस बीच जहानाबाद के मुस्लिम इलाके जाफरगंज मोहल्ले में 200 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। इसे लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। पूरी खबर पढ़ें।
Click here to
Read more