वैष्णो देवी में लैंडस्लाइड से मौत का आंकड़ा 30 हुआ:मृतकों में ज्यादातर श्रद्धालु, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है
5 hours ago

जम्मू के कटरा स्थित वैष्णो देवी धाम पर मंगलवार को अर्धकुमारी के पास हुई लैंडस्लाइड में मरने वालों का आंकड़ा 30 हो गया है। एसएसपी रियासी परमवीर सिंह ने बुधवार सुबह ये जानकारी दी। कल देर रात तक 7 लोगों के मरने की खबर थी। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। वहीं, खराब मौसम की वजह से वैष्णो देवी यात्रा स्थगित की गई है। जम्मू संभाग में बारिश और भूस्खलन से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नॉर्दर्न रेलवे ने आज जम्मू-कटरा से चलने वाली और यहां रुकने वाली 22 ट्रेनें रद्द की हैं। इसके अलावा 27 ट्रेनों को बीच रास्ते से ही वापस लौटाई गईं। मंगलवार को जम्मू शहर में 24 घंटे से भी कम समय में 250mm से ज्यादा बारिश हुई। इससे कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं। घरों और खेतों में पानी भर गया है। लैंडस्लाइड के कारण कई पुल-सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। लैंडस्लाइड के बाद के हालात की 3 तस्वीरें... कटरा बेस कैंप से 9 ट्रेनें रद्द रद्द की गई 22 ट्रेनों में से 9 ट्रेनें कटरा (वैष्णो देवी धाम का बेस कैंप) से थीं और एक जम्मू से। बाकी ट्रेनें कटरा, जम्मू और उधमपुर पहुंचने वाली थीं। वहीं, फिरोजपुर, मांडा, चक रक्खवालां और पठानकोट में 27 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। पठानकोट-कांगड़ा रेल ट्रैक पर भी तेज बारिश और लैंडस्लाइड का असर है। यहां चक्की नदी में बाढ़ आई है। इससे पठानकोट-कंदरोरी (हिमाचल प्रदेश) के बीच रेल सेवा भी रोक दी गई है। हालांकि, कटरा से श्रीनगर तक रेल रूट जारी है। तवी नदी पर बना पुल धंसा इधर, मंगलवार को जम्मू में तवी नदी पर बने पुल के पास सड़क धंसी। हादसे में कई गाड़ियां गिरी । पुलिस रेस्क्यू के लिए पहुंची। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को कई जगहों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इसमें 10 से 15 घर बह गए। जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ सहित कई नेशनल हाईवे समेत कई सड़कें बंद हैं। बुधवार को सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी ऑफिस बंद रहेंगे। जम्मू एयरपोर्ट भी बंद कर दिया गया है। नेटवर्क न होने की वजह से फोन कॉल नहीं हो पा रही है। जम्मू-कश्मीर में बादल फटने-बाढ़ की 3 तस्वीरें...
Click here to
Read more