केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज रायसेन में:1800 करोड़ की रेल कोच फैक्ट्री का भूमिपूजन करेंगे; सीएम बोले- 5 हजार से ज्यादा रोजगार मिलेंगे
5 hours ago

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज रायसेन के उमरिया में ग्रीनफील्ड रेल निर्माण केंद्र की आधारशिला रखेंगे। 60 हेक्टेयर से ज्यादा एरिया में बनने वाली इस फैक्ट्री में मेट्रो और वंदे भारत ट्रेनों के कोच तैयार होंगे। 1800 करोड़ रुपए की इस परियोजना का पहला चरण 2026 के मध्य तक पूरा होने के बाद उत्पादन शुरू होगा। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) की इस इकाई में रेलवे और मेट्रो कोच जैसे पैसेंजर कोच, मेट्रो कार, इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट्स, वंदे भारत ट्रेन सेट्स और हाई-स्पीड रेल सिस्टम का डिजाइन, निर्माण, असेम्बलिंग और परीक्षण सुविधाएं होंगी। प्लांट की शुरुआती क्षमता 125 से 200 कोच प्रतिवर्ष होगी। अगले 5 साल में इसे बढ़ाकर 1100 कोच प्रतिवर्ष किया जाएगा। इस यूनिट में सौर-नवकरणीय ऊर्जा के साथ ही ग्रीन टेक्नोलॉजी का उपयोग होगा। बारिश का पानी सहेजने की सुविधा भी होगी। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह सुबह करीब 11:30 बजे औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान पहुंचेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान परियोजना पर आधारित लघु फिल्म, 3डी वॉक थ्रू और नए संयंत्रों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। 5 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस परियोजना से भोपाल, रायसेन, सीहोर और विदिशा जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तरीके से 5,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार हासिल होगा।
Click here to
Read more