निक्की हत्याकांड में VIDEO से नया मोड़:नोएडा में घर के बाहर नजर आया पति विपिन, दावा- मौत से पहले पत्नी को मारे थे थप्पड़
3 hours ago

यूपी में ग्रेटर नोएडा की निक्की भाटी हत्याकांड की गुत्थी उलझती जा रही है। एक CCTV सामने आया है, जिसमें आरोपी पति विपिन भाटी एक दुकान के सामने खड़ा है। दावा है कि 21 अगस्त की शाम 5.45 बजे जब निक्की लपटों से घिरी घर की सीढ़ियों से उतर रही थी, उस वक्त उसका विपिन भाटी घर में मौजूद नहीं था। वह घर के बाहर एक जनरल स्टोर की दुकान पर खड़ा था। जबकि निक्की के परिजनों का दावा है कि विपिन और उसके परिवार वालों ने ही मिलकर निक्की को जलाया है। पुलिस ने CCTV और एक पुराने वीडियो को अपनी जांच में शामिल किया है। पहले वीडियो में दावा है कि घटना के वक्त विपिन घर के बाहर था। वहीं, दूसरा वीडियो 2024 का है। इसमें विपिन कार में एक लड़की के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने इस केस में अब तक 4 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। 24 अगस्त को आरोपी पति विपिन और सास दया को गिरफ्तार किया था। पति को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली मारकर पकड़ा था। इसके बाद 25 अगस्त को जेठ रोहित भाटी और ससुर सतवीर को सिरसा टोल और चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। 2 विजुअल और उसकी कहानी देखिए... 1- किराना स्टोर के बाहर दौड़कर आते दिखा विपिन ये सीसीटीवी 21 अगस्त का है, जो एक मिनट से ज्यादा का है। शाम 5.45 बजे चेक शर्ट और ब्लू पैंट पहने निक्की का पति विपिन काफी डरा हुआ बाहर की तरफ आता है। उसके साथ छह साल का बेटा भी था। वो इधर-उधर तेजी से भागता है। इसके बाद गली में चला जाता है। कुछ सेकेंड में गली से बाहर आता है, कार का दरवाजा खोलता है। फिर दुकान की ओर भागता है। वीडियो सामने आने के बाद दावा किया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी विपिन घर के बाहर था। पुलिस से मुठभेड़ में गिरफ्तार विपिन ने अपने बयान में कहा- न ही मैंने निक्की को मारा और न ही मैंने जलाया। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई का पता चल सकेगा। 2- निक्की-कंचन ने विपिन को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा साल भर पहले विपिन भाटी का एक महिला से अफेयर चल रहा था। निक्की और उसकी बहन कंचन ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद विपिन ने अपनी गर्लफ्रेंड की भी पिटाई की थी। विपिन की गर्लफ्रेंड ने खुद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि पत्नी ने जब विपिन को रंगे हाथों पकड़ा तो उसने मुझे बहुत मारा। इस एफआईआर में विपिन पर गर्लफ्रेंड ने मारपीट और शोषण का आरोप लगाया था। अस्पताल में चचेरे देवर ने कहा- सिलेंडर फटने से जली निक्की
21 अगस्त को निक्की को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, यहां विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र ने निक्की के जलने की वजह सिलेंडर का फटना बताया था। अस्पताल की तरफ से भी मेमो में जलने का कारण सिलेंडर का फटना बताया गया था। अब पुलिस अस्पताल में डॉक्टरों का भी बयान दर्ज करेगी। पुलिस जांच कहां तक बढ़ी? पुलिस की जांच जारी है। अब तक कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। इनमें 4 प्रमुख हैं- एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, नए फुटेज और निक्की के परिवार द्वारा साझा किए गए वीडियो को क्रॉस चेक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, कंचन ने सबूत के तौर पर हमें वीडियो दिए थे, जिसकी सत्यता की पुष्टि कर रहे हैं। जिस अस्पताल में निक्की को शुरुआत में ले जाया गया था, वहां के फुटेज की भी जांच की जा रही है। अब पूरी घटना जानिए... सबसे पहले 3 तस्वीरें देखिए बड़ी बहन बोली- बचाने गई तो मुझे भी पीटा
निक्की की बड़ी बहन कंचन ने कहा- गुरुवार (21 अगस्त) को निक्की के पति विपिन ने उसके साथ मारपीट की। जब मैं उसे बचाने गई तो मेरे साथ भी मारपीट हुई। विपिन ने मेरे गले पर तीन-चार मुक्के मारे। इसके बाद मैं बेहोश हो गई तो बहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बहन की चीख सुनकर पड़ोसी पहुंचे। उन्होंने कंबल डालकर आग बुझाई और निक्की को फोर्टिस अस्पताल लेकर गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान निक्की की मौत हो गई। वहीं, निक्की के छोटे बेटे ने कहा- मम्मा के ऊपर पापा ने कुछ छिड़का था। उसके बाद उन्हें चांटा मारा। फिर लाइटर से आग लगा दी। एक ही घर में सगी बहनों की हुई थी शादी
नोएडा के रूपबास गांव निवासी राज सिंह ने दिसंबर 2016 में अपनी भतीजी कंचन और निक्की की शादी सिरसा गांव के रहने वाले रोहित और विपिन से की थी। राज सिंह ने बताया, शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी समेत हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था। इसके बाद ससुराल वाले 35 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। दोनों भतीजियों के साथ ससुराल के लोग मारपीट करते थे। कई बार पंचायत हुई, लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। अब भतीजी निक्की की जान ले ली गई। 'जस्टिस फॉर निक्की बहन' बोलते हुए लोगों ने दिया धरना
निक्की को जिंदा जलाने के बाद लोगों में गुस्सा है। शनिवार को निक्की को इंसाफ दिलाने के लिए कासना में पंचायत हुई। लोगों ने धरना भी दिया। उनके हाथ में पोस्टर थे। जिस पर लिखा था- हमारी बहन को इंसाफ दिलाओ, जो आज हमारी बहन के साथ है। कल किसी और के साथ भी हो सकता है। जस्टिस फॉर निक्की बहन।' महिला आयोग अध्यक्ष बोलीं- हम परिवार के साथ
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय किशोर रहाटकर से रविवार को दैनिक भास्कर से बात थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि, हम मृतका को इंसाफ दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे। चाहे पुलिस का काम है या आगे कोर्ट में परिवार का साथ देना हो। राष्ट्रीय महिला आयोग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा- उत्तर प्रदेश में हमारी डबल इंजन की सरकार है। मैं आश्वस्त करती हूं कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिसने भी यह जघन्य अपराध किया है, वीडियो में साफ़ दिख रहा है कि कैसे इस आदमी ने महिला को जलाया और फिर कैसे उसे दौड़ाया गया, इसलिए न्याय ज़रूर होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर सख्त निर्देश दिए हैं। ----------------------- ये खबर भी पढ़ें....
निक्की जान की भीख मांगती रही, पति ने जलाया:बहन का दावा; नोएडा में पिता बोले- दामाद मर्सिडीज लेना चाहता था निक्की भाटी को उसका पति विपिन बालों से खींचते हुए पीट रहा था। वो चीख रही थी- मुझे छोड़ दो... जाने दो। लेकिन, विपिन के सिर पर गुस्सा सवार था। वो कभी दीवार पर हाथ मारता, कभी पत्नी को थप्पड़..। पढ़िए पूरी खबर
Click here to
Read more