बिहार में 'वोट अधिकार यात्रा':राहुल ने औरंगाबाद के सूर्य मंदिर में दर्शन किए, जल चढ़ाकर परिक्रमा की, पुजारी से इतिहास जाना; तेजस्वी-सहनी भी साथ
2 days ago

बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR, सामान्य शब्दों में वोटर लिस्ट रिवीजन) के खिलाफ 'वोट अधिकार यात्रा' के दूसरे दिन राहुल गांधी औरंगाबाद के देव पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सोमवार को देव सूर्य मंदिर में राहुल गांधी ने पूजा की। दंडवत द्वार से राहुल गांधी मंदिर के अंदर गए। गर्भ गृह में पहुंचे, हाथों में फूल लेकर संकल्प किया फिर पूजा की। भगवान के आगे माथा टेका। करीब 5 मिनट बाद गर्भ गृह से बाहर निकले तो ललाट पर तिलक, गले में माला और कंधे पर गुलाबी चुनरी थी। उसके बाद उन्होंने जल चढ़ाकर मंदिर की परिक्रमा भी की। गर्भ गृह के बाहर लगे बड़े से घंटे को बजाया और पुजारी से मंदिर का इतिहास भी जाना। इस दौरान तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी भी साथ रहे, उन्होंने भी पूजा की। मंदिर में पूजा-परिक्रमा करने के बाद राहुल दंडवत द्वार से बाहर निकले और उनका काफिला रफीगंज के लिए रवाना हो गया। देव सूर्य मंदिर में पूजा की कुछ तस्वीरें... किसानों से नहीं हुई मुलाकात इससे पहले सुबह करीब 8 बजे राहुल गांधी का काफिला औरंगाबाद के अंबा होते हुए देव के लिए निकला था। राहुल गांधी का काफिला न अंबा चौक पर रुका, न उन्होंने किसानों से मुलाकात की। इसे लेकर कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र के अंबा में राहुल गांधी के समर्थकों में नाराजगी दिखी। बभंडीह विश्राम गृह से 2 किलोमीटर की दूरी पर सतबहिनी मंदिर के पास से भी कांग्रेस का काफिला सीधे निकल गया। जबकि पार्टी के कार्यकर्ताओं के अनुसार मंदिर पर रुकने की बात बताई जा रही थी। कार्यकर्ता माला लेकर इंतजार ही करते रह गए। इधर बाजार के चौक पर सभा होने थी, यहां भी काफिला चंद सेकेंड के लिए भी नहीं रुका। दोनों जगह राहुल के फैंस नाराज हुए और बैरंग वापस हो गए। वहीं भारतमाला परियोजना के प्रभावित किसानों का एक शिष्ट मंडल राहुल गांधी से मिलने विश्राम स्थल पर पहुंचा था, लेकिन राहुल गांधी उनसे भी नहीं मिले। किसान इंतजार ही करते रह गए। राहुल गांधी की यात्रा से जुड़ी कुछ और तस्वीरें... ये संविधान बचाने की लड़ाई है सोमवार को सासाराम से राहुल गांधी की यात्रा शुरू हुई। यहां के सुआरा हवाई अड्डा ग्राउंड में हुई जनसभा में राहुल बोले, 'ये संविधान को बचाने की लड़ाई है। पूरे देश में बीजेपी-आरएसएस संविधान को मिटाने पर तुले हैं।' 'जहां भी चुनाव होता है, ये जीतते हैं। महाराष्ट्र में ओपिनियन पोल कह रहे थे, महागठबंधन चुनाव जीतेगा। लोकसभा में महागठबंधन जीतता है, लेकिन 4 महीने में उसी क्षेत्र में हम हारते हैं। हमने पता लगवाया तो पता चला 1 करोड़ नए वोटर जादू से पैदा हो गए।' 'बिहार की जनता वोटों की चोरी नहीं करने देगी क्योंकि गरीब-कमजोर लोगों के पास सिर्फ वोट का हक है। आयोग जो कर रहा है, वो सबको पता है। इलेक्शन कमीशन को हम ये नहीं करने देंगे। नरेंद्र मोदी जी और NDA अरबपतियों के साथ सरकार चलाती है। आप का पूरा धन 5-6 अरबपतियों को दिया जाता है।' कई दिनों बाद किसी जनसभा में शामिल हुए राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कहा- 'चोरों को हटाइए, बीजेपी को भगाइए, हमारी पार्टी को जिताइए। किसी भी कीमत पर भाजपा को सत्ता में आने नहीं देना है। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव सभी मिलकर बीजेपी को उखाड़कर फेंकिए।' वोट अधिकार यात्रा से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए....
Click here to
Read more