हिमाचल कांग्रेस कार्यालय में हाई-वोल्टेज ड्रामा:CM सुक्खू-मंत्री विक्रमादित्य समर्थकों की नारेबाजी; सह-प्रभारी के कहने पर भी नहीं माने, वोट चोरी अभियान को जुटे
13 hours ago

हिमाचल कांग्रेस कार्यालय शिमला में आज (शुक्रवार को) काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। दरअसल, कांग्रेस नेता व वर्कर 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान की सफलता के लिए राजीव भवन शिमला पहुंचे थे। इस दौरान यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। यह शक्ति प्रदर्शन काफी देर तक चलता रहा। राजीव भवन शिमला में मंच पर बैठे मुख्यमंत्री सुक्खू, सह प्रभारी चेतन चौहान और दूसरे सीनियर नेता बार बार कार्यकर्ताओं को चुप रहने के लिए कह रहे थे। मगर, कार्यकर्ता नहीं माने, उल्टा जोर-जोर से नारेबाजी करते रहे। मुख्यमंत्री समर्थक सुक्खू के पक्ष और मंत्री समर्थक विक्रमादित्य के पक्ष में नारेबाजी करते रहे। यह नारेबाजी लगभग 10 मिनट चलती रही। एक कोने में सुक्खू समर्थक नारेबाजी करते रहे, जबकि दूसरे कोने में विक्रमादित्य सिंह समर्थकों ने नारेबाजी की। पहले कांग्रेस ऑफिस सुक्खू पहुंचे। इनके बाद विक्रमादित्य सिंह पहुंचे। पार्टी प्रभारी के समक्ष चलती रही नारेबाजी यह सब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मंत्रियों के सामने चलता रहा। इस दौरान मंच पर बैठे प्रदेश मामलों के सह-प्रभारी चेतन चौहान, सोनिया गांधी-राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे तो पीछे सीएम समर्थक सुक्खू के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह समर्थक भी नारेबाजी करते रहे और शक्ति प्रदर्शन किया। वोट चोर, चोरी अभियान के लिए जुटे नेता-कार्यकर्ता बता दें कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पूरे देश में वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान चला रही है। हिमाचल में भी आज से यह अभियान शुरू हो रहा है। इसे कांग्रेस पार्टी ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने के दावे कर रही है। इसकी रणनीति आज सुबह पहले कांग्रेस विधायक दल मीटिंग में पीटरहॉफ में बनाई गई। अब पार्टी कार्यालय में सभी नेता व समर्थक रणनीति बना रहे है। विधायक दल मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा, कांग्रेस पार्टी ब्लॉक स्तर तक सिग्नेचर अभियान चलाएगी। कांग्रेस ने पूरे देश में चला रखा अभियान राहुल गांधी के वोट चोरी के खुलासे के बाद कांग्रेस देशभर में आक्रामक है। इस मसले को लेकर लगातार इलेक्शन कमीशन और भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है। हिमाचल में भी इस अभियान को कांग्रेस जन-जन तक पहुंचाने के दावे कर रही है। हालांकि आज भी इसी मसले को लेकर शिमला में प्रदर्शन की बात कही थी। मगर अब मौसम खराब का हवाला देकर प्रदर्शन टाल दिया गया है। कुछ दिन पहले कांग्रेस ने खुद मीडिया बयान जारी करके आज के प्रदर्शन की जानकारी शेयर की थी। विधायक दल में गूंजा संगठन का मामला विधायक दल की मीटिंग सिंगल एजेंडा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान को लेकर बुलाई गई थी। मगर, इसमें कांग्रेस के कई विधायकों ने संगठन में देरी का मामला पार्टी प्रभारी के समक्ष उठाया, क्योंकि 9 महीने 16 दिन से प्रदेश में कांग्रेस की राज्य, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग है। इस वक्त अकेले प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही पदाधिकारी बची हैं। इसे लेकर जब रजनी पाटिल से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, पार्टी में संगठन बनाने का प्रोसीजर रहता है। जल्द संगठन बना दिया जाएगा।
Click here to
Read more