शिमला में सतलुज नदी में समाई सड़क:करसोग का कटा संपर्क; चंडीगढ़-मनाली फोरलेन 43 घंटे से बंद, कुल्लू-मंडी के स्कूलों में छुट्टी
19 hours ago

हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून तबाही मचा रहा है। 3 दिन की निरंतर बारिश से मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र का राजधानी शिमला से पूरी तरह संपर्क कट गया है। सतलुज नदी से तेज बहाव से सुन्नी के ततापानी में सड़क क्षतिग्रस्त टूट गई है। इससे करसोग विधानसभा के साथ लगते नाचन और सराज विधानसभा के भी कई क्षेत्रों का शिमला से संपर्क टूट गया है। वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। सड़क पर अब केवल पैदल चलने लायक जगह बची है। वहीं चंडीगढ़-मनाली फोरलेन भी 43 घंटे से बंद पड़ा है। सैकड़ों लोग गाड़ियों में बैठकर सड़क बहाली के इंतजार में है। मगर, मंडी के दवाड़ा और जोगनी मोड़ के पास पहाड़ी से बार-बार लैंडस्लाइड हो रहा है। इससे सड़क बहाली के काम में बाधा आ रही है। पत्थर गिरने का निरंतर खतरा बना हुआ है। प्रदेश में 3 नेशनल हाईवे (चंडीगढ़-मनाली, रामपुर-किन्नौर और औट-सैंज) समेत 353 सड़कें वाहनों के लिए बंद पड़ी हैं। भारी बारिश और सड़कों की स्थिति देखते हुए कुल्लू के आनी सब डिवीजन और मंडी सदर डिवीजन के स्कूलों में आज छुट्टी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से मानसून थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन कई भागों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। कांगड़ा और चंबा जिले में आज भी यलो अलर्ट है। अन्य क्षेत्रों में कोई चेतावनी नहीं है। कल और परसों किसी भी जिला में कोई अलर्ट नहीं है। इससे थोड़ी राहत के आसार हैं।
Click here to
Read more