भास्कर अपडेट्स:नवी मुंबई में 93 लाख रुपए के जहाज के इंजन के पुर्जे चुराने के आरोप में 4 गिरफ्तार
2 months ago

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पुलिस ने जहाज के इंजन के पुर्जे चुराने के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। जहाज के इंजन के पुर्जों की कीमत 93 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से करीब 74 लाख रुपए के पुर्जे बरामद किए गए हैं। वासुदेव दत्तात्रेय प्रभु नामक एक व्यक्ति ने 27 मई को मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 25 मई को कुछ लोगों ने उनकी कंपनी के गोदाम से मालवाहक जहाज के टर्बो इंजन के पुर्जे चुरा लिए। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे करीब 40 CCTV कैमरों की फुटेज की जांच करने के बाद 28 मई को तुर्भे MIDC के इंदिरानगर से चार लोगों को गिरफ्तार किया। आज की अन्य बड़ी खबरें... महाराष्ट्र की लाडकी बहिन योजना में 2200 से ज्यादा लाभार्थी सरकारी कर्मचारी, सरकार ने योजना से बाहर किया महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने बताया कि लाडकी बहिन योजना के तहत करीब 2289 लाभार्थी सरकारी कर्मचारी पाए गए। करीब 2 लाख आवेदनों की जांच के बाद यह खुलासा हुआ। सोशल मीडिया X पर पोस्ट में मंत्री ने कहा कि यह पता चलने के बाद ऐसे लाभार्थियों को योजना से बाहर कर दिया गया है। लाभार्थियों के सत्यापन की एक नियमित प्रक्रिया होगी। 2024 में विधानसभा चुनावों से पहले महायुति सरकार ने अगस्त में मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना शुरू की थी। इसके तहत 21-65 साल की महिलाओं को 1500 रुपए की मासिक सहायता दी जाती है। यूपी के हरदोई में कार खाई में गिरी, 5 की मौत; 6 गंभीर उत्तर प्रदेश के हरदोई में 11 लोगों से भरी अर्टिगा कार खाई में गिर गई। भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। 6 की हालत गंभीर है। कार सवार लोग शादी से लौट रहे थे। कार के अंदर फंसे लोगों को शीशा तोड़कर निकाला गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहाबाद में भर्ती करवाया गया। पूरी खबर पढ़ें... महाराष्ट्र के ठाणे में महिला को 14 साल की जेल, दो लड़कियों को वेश्यावृत्ति में धकेलने का आरोप था महाराष्ट्र के ठाणे शहर की एक विशेष अदालत ने 30 मई को दो नाबालिग लड़कियों को वेश्यावृत्ति में धकेलने के आरोप में 40 साल की महिला को 14 साल जेल की सजा सुनाई है। महिला मुंबई के गोरेगांव इलाके की निवासी है। स्पेशल पोक्सो एक्ट जज डीएसए देशमुख ने उस पर 14,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया। महिला को 5 अप्रैल, 2021 को ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में पासपोर्ट ऑफिस के पास एक होटल में दो नाबालिग लड़कियों के साथ पकड़ा गया था। अदालत को बताया गया कि उनमें से एक नाबालिग लड़की महिला की बेटी की दोस्त थी। लड़की गरीब परिवार से थई। महिला ने उससे कहा कि वेश्यावृत्ति के जरिए अच्छे पैसे मिलेंगे। इसके बाद, महिला उसे ग्राहकों के पास भेजती थी। दूसरी पीड़िता ने इस बात की पुष्टि की। अदालती दस्तावेजों में दूसरी पीड़िता की पहचान नाबालिग लड़की-एम के रूप में की गई है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए जज ने कहा कि यह आरोपी के प्रति नरमी बरतने का मामला नहीं है। गुजरात की 62 साल की महिला का यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान निधन, रास्ते में बीमार पड़ गई थीं यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान गुजरात की 62 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से शुक्रवार को मौत हो गई। बरकोट पुलिस के मुताबिक, कनकबेन पटेल यमुनोत्री मंदिर से पहले देव दर्शिनी के पास बीमार पड़ गईं। इसके बाद उनके परिवार ने स्टेट डिजास्टर रिजर्व फोर्स की मदद से उन्हें जानकीचट्टी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि पटेल गुजरात के आणंद जिले के मेघवा क्षेत्र की रहने वाली थीं। उत्तराखंड में केदारनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड; एक की मौत, पांच घायल उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शुक्रवार को केदारनाथ नेशनल हाईवे पर हुए लैंडस्लाइड में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ से आ रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पर कुंड के पास, गुप्तकाशी के नजदीक भूस्खलन हुआ। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव व राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को गाड़ी से निकालकर पास के अगस्त्यमुनि अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जबकि तीन को मामूली चोटें आई हैं। मृतक की पहचान राजेश सिंह रावत (38) के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के लामबगांव का निवासी था। वह छत्तीसगढ़ से आए तीर्थयात्रियों को केदारनाथ लेकर जा रहा था। घायलों की उम्र 19 से 25 वर्ष के बीच है और वे सभी छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के रहने वाले हैं।
Click here to
Read more