उफनते नाले में बहा व्यक्ति, मौत:शिमला के सर्कुलर रोड पर गिरे पेड़, आज 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
1 day ago

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज में एक व्यक्ति अस्थाई पुल पार करते समय उफनते नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने शव को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। बीते 30 जून की रात बादल फटने के कारण यहां का पुल बह गया था। इसके बाद से लोग रोजाना अस्थाई पुल से उफनते नाले को पार करते समय अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। वहीं शिमला के कार्ट रोड पर आज सुबह करीब 6:30 बजे दो देवदार के पेड़ गिर गए। इसके कारण टॉलेंड में करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। अब पेड़ काटकर हटाने के बाद ट्रैफिक बहाल कर दिया गया है। वहीं मंगलवार की सुबह सड़क धंसने से क्षतिग्रस्त हुआ पंजाब और हिमाचल को जोड़ने वाला पठानकोट-चंबा-भरमौर NH 24 घंटे बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया है। हालांकि दुनेरा के पास सड़क को अभी छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। आज 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
प्रदेश के कई क्षेत्रों में रातभर बारिश जारी रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज भी 5 जिलों में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। यह चेतावनी बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला को दी गई है। इन जिलों में लैंडस्लाइड, बाढ़ और जल भराव जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इन्हीं 5 जिलों में अगले कल भी ऑरेंज अलर्ट है। ऊना, हमीरपुर, चंबा, कुल्लू और सोलन जिला में आज और कल यलो अलर्ट दिया गया है। मानसून 15 अगस्त से कमजोर पड़ेगा
प्रदेश में मानसून 15 अगस्त को थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा। मगर ऊना, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में हल्की बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। सीजन में नॉर्मल 13% ज्यादा बारिश
इस मानसून सीजन में नॉर्मल से 13 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। 20 जून से 12 जुलाई के बीच 473 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 535.9 मिलीमीटर बादल बरसे हैं। शिमला जिला में सामान्य से 73% ज्यादा बारिश हुई है। मंडी में 57% ज्यादा, बिलासपुर में 40%, हमीरपुर में 44%, कुल्लू में 39%, सिरमौर में 18%, सोलन में 31%, ऊना में 46%, कांगड़ा में 6% और किन्नौर में सामान्य से 1% ज्यादा बारिश हुई है। वहीं चंबा में सामान्य से 9% कम और लाहौल स्पीति में 67% कम बादल बरसे है। मौसम से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए ब्लॉग पढ़ें....
Click here to
Read more