हिमाचल के शहीद जवान का अंतिम संस्कार आज नहीं:मां से कहा था- सितंबर में आउंगा, शादी की तारीख पक्की करना; कल पैतृक गांव पहुंचेगी पार्थिव देह
2 months ago

कारगिल में शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अग्निवीर नवीन कुमार (25) की पार्थिव देह आज पैतृक गांव नहीं पहुंचेगी। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को पैतृक गांव हलूं में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि शव आज पालमपुर के आर्मी कैंप में रखा जाएगा। कल सुबह 8 बजे वहां से पैतृक गांव लाया जाएगा और 9 बजे के बाद अंतिम संस्कार होगा। शहादत से कुछ घंटे पहले ही नवीन ने अपनी मां अयोध्या देवी से फोन पर बात की थी। इस बातचीत में उन्होंने कहा था- "मां, मैं सितंबर में छुट्टी लेकर आऊंगा। मेरे लिए लड़की देख लेना, शादी की तारीख भी पक्की कर लेना। नहीं तो आपको अकेले रहना पड़ेगा।" बता दें कि नवीन कुमार भारतीय सेना की जम्मू-कश्मीर राइफल यूनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कारगिल के द्रास सेक्टर में ड्यूटी के दौरान 20 मई की रात को लैंडस्लाइड की चपेट में आने से वह शहीद हो गए। 2 साल पहले ही वह सेना में भर्ती हुए थे। सेना में हवलदार थे पिता, हो चुकी मौत
नवीन के पिता 13 जैक राइफल में हवलदार पद से रिटायर हुए थे। उनका कैंसर की वजह से पांच साल पहले देहांत हो गया था। नवीन अपनी बहन शिवानी के इकलौते भाई थे। बहन शिवानी की शादी हो चुकी है जबकि नवीन अभी अविवाहित थे। अब परिवार में विधवा मां अयोध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी ही हैं। इन तीनों का इकलौता सहारा भी सरहदों की रक्षा करते करते बलिदानी हो गया। सुबह हुई थी फोन पर बात, रात को शहादत की खबर आई
परिजनों के मुताबिक नवीन कुमार 14 जुलाई 2024 को आखिरी बार छुट्टी में घर आए थे। बताया जा रहा है कि अगले महीने वे फिर से छुट्टी पर घर आने वाले थे। 20 मई को शहादत से पहले सुबह के वक्त ही नवीन ने अपनी मां अयोध्या देवी से फोन पर बात की थी और अगले महीने फिर से आने की बात दोहराई थी। मगर, मंगलवार देर रात को बेटे की शहादत की खबर मिल गई। शहीद के सम्मान में बाजार बंद, मां से मिले विधायक
नवीन की शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके घर पर रिश्तेदारों और आसपास के गांवों के लोगों का तांता लगा हुआ है। शोक के चलते कल यानी शुक्रवार, 23 मई को थुरल का पूरा बाजार बंद रहेगा। स्थानीय व्यापारियों ने यह निर्णय शहीद के सम्मान में लिया है। वहीं, आज ही सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार शहीद के गांव पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद की मां से मुलाकात की और परिजनों को ढांढस बंधाया। गांव के ही कारगिल में तैनात जवान ने दी सूचना: वंदना
थुरल पंचायत की प्रधान वंदना कुमारी ने बताया कि, 20 मई की रात को ही कारगिल में तैनात उनके क्षेत्र के ही एक जवान ने नवीन के निधन की सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि नवीन मिलनसार लड़का था। सभी से घुल मिलकर रहता था। नवीन की शहादत की खबर के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। CM बोले- देश ने एक बहादुर सपूत को खो दिया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लैंडस्लाइड की चपेट में आकर अग्निवीर नवीन के शहीद होने के समाचार को दुखद बताया। उन्होंने कहा, देश की सेवा में उनके अविस्मरणीय योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। देश ने एक बहादुर सपूत को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। कई नेताओं ने जताया दुख
अग्निवीर नवीन कुमार की शहादत की सूचना पर हिमाचल प्रदेश के कई नेताओं ने भी दुख जताया है। हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि भगवान परिवारजनों को इस असहाय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। वहीं, हिमाचल के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नवीन के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। इसके अलावा कांगड़ा के सांसद डॉ राजीव भारद्वाज ने कहा कि नवीन का समर्पण और बलिदान हमेशा प्रेरित करता रहेगा।
Click here to
Read more